गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश स्तर पर संचालित नवाचार कार्यक्रमों के अंतर्गत आज राइफल क्लब गाजीपुर में एक भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार लोक भवन, लखनऊ में आयोजित समारोह के समन्वय में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस महोत्सव में सीधा प्रसारण जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की मौजूदगी में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा की गुणवत्ता, निपुण भारत मिशन, डिजिटल लर्निंग, स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शिक्षकों की भूमिका पर विशेष ध्यान केंद्रित किया।
इस अवसर पर प्रत्येक विकासखण्ड से एक-एक निपुण विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सबसे अच्छा समर कैम्प संचालित करने वाले पांच विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रेरणा पोर्टल के डिजिटलाइजेशन के तहत राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा प्राप्त 778 टैबलेट में से पांच टैबलेट का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों को प्रेरित किया कि वे विभाग द्वारा प्रदत्त संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस प्रयास से जल्द ही जनपद के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ जनपद का नाम रोशन करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों और शिक्षा मित्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे जनपद में विभिन्न चैनलों के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश सिंह द्वारा किया गया। मौके पर समस्त जिला समन्वयक, खण्ड शिक्षा अधिकारी, एआरपी एवं एआरजी उपस्थित रहे।