रेवतीपुर (गाजीपुर)। हसनपुरा ग्राम पंचायत भवन से लाखों रुपये के सामान की चोरी एवं पंचायत कार्यों में अनियमितताओं को लेकर दोषी सचिव आर. एन. पाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने से आक्रोशित नवनिर्वाचित प्रधान ऋषिकेश राय ने सोमवार को रेवतीपुर बीडीओ को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर सचिव पर मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई नहीं हुई, तो वे ग्रामीणों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार से विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रधान ऋषिकेश राय ने बताया कि उन्होंने 9 मई को जिलाधिकारी अविनाश कुमार को एक पत्रक सौंपा था, जिसमें सचिव आर. एन. पाल पर पंचायत भवन से लाखों का सामान गायब करने और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीडीओ को जांच का निर्देश दिया था। जांच में डीडीओ ने सचिव को दोषी पाया, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से प्रधान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सचिव को बचाने में लगे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में बीडीओ जमालुद्दीन खां ने कहा कि दोषी सचिव के खिलाफ बहुत जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।