जमानिया। थाना क्षेत्र के तियरी गांव में गुरुवार सुबह जमीन के पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तियरी गांव निवासी धनन्जय कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे गांव के ही कुलवंश सिंह यादव, उनकी पत्नी नितू यादव और सिंहासन यादव ने लाठी-डंडे एवं फावड़े से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घायल का प्राथमिक उपचार कराकर आगे की चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है।