जमानिया। भारत सरकार द्वारा 21 मई से 12 जून तक चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जमानियां ब्लॉक के तिगरी देवढी और अभईपुर गांवों में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराना और सीधे संवाद के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा।कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर से पधारे वैज्ञानिक शशांक सिंह और रागिनी दुबे ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने मृदा परीक्षण, कीट प्रबंधन, धान की नर्सरी तैयार करने की विधि, जैविक खेती और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर एडीओ (एग्रो) दीपक, एडीओ (प्लांट प्रोटेक्शन) कमलाप्रसाद, और एसएमएस वेदप्रकाश सिंह ने फसल की गुणवत्ता सुधारने, उत्पादन में वृद्धि करने तथा कम लागत में अधिक मुनाफा प्राप्त करने के उपाय किसानों को बताए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और वैज्ञानिकों से सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जानकारियां उनकी खेती को नई दिशा देने में सहायक होंगी। यह अभियान ग्रामीण किसानों को वैज्ञानिक कृषि से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।