जमानियां। रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताड़ीघाट-बारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेढ़गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीआरडी जवान दयाशंकर राम (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह ड्यूटी पर साइकिल से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दयाशंकर राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें तुरंत रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल जवान रेवतीपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में सुहवल थाना पर उनकी ड्यूटी चल रही थी। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद उनकी साइकिल और डंडा भी घटनास्थल से गायब मिले हैं।इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। रेवतीपुर थाना पुलिस ने घायल के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि घायल की स्थिति चिंताजनक है और उनका इलाज जारी है। घटना में प्रयुक्त वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से प्रयासरत है। हादसे के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल व्याप्त है।