गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर गांव में बुधवार को बारिश के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतका की पहचान वर्तिका यादव पुत्री राकेश यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तिका बुधवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर जा रही थी। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के प्रयास में वह खेतों के रास्ते तेजी से निकल रही थी। रास्ते में सड़क किनारे लगे एक बिजली पोल के पास फिसलने से बचने के लिए उसने पोल की छरकी पकड़ ली। दुर्भाग्यवश, उस छरकी में करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह वर्तिका को बिजली के संपर्क से अलग कर तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में इस हृदयविदारक हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के अनुसार, विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।