गाजीपुर। ओवरलोड वाहनों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार की मध्य रात्रि जमानियां-करण्डा गंगा पुल पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह छापेमारी उपजिलाधिकारी (सदर), क्षेत्राधिकारी (नगर), परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी (पीटीओ) तथा खनन अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पुल से गुजर रहे भारी वाहनों की गहन जांच की। जांच के दौरान दो ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज कर लिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ओवरलोडिंग न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि पुल की संरचनात्मक मजबूती और आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग के दौरान करंडा थाना प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सकी। यह कार्रवाई क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रभावी पालन और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।