गाजीपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित व ₹50,000 की इनामी अपराधी आफ्सा अंसारी के बैंक लॉकर को फ्रीज कर दिया है। आफ्सा अंसारी कुख्यात IS-191 गैंग के पूर्व सरगना और माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी हैं। पुलिस के अनुसार, आफ्सा अंसारी के खिलाफ थाना कोतवाली, गाजीपुर में दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पहला मामला मु0अ0सं0 96/2023 है, जो भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 386 और 506 के तहत पंजीकृत है, जबकि दूसरा मामला मु0अ0सं0 667/2020 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत दर्ज है।
गाजीपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि आफ्सा अंसारी का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूपी सिविल सचिवालय-लखनऊ शाखा में खाता संख्या 10223102494 संचालित है, जिससे जुड़ा एक लॉकर भी मौजूद है। प्रारंभिक जांच में लॉकर में कुछ गोपनीय और संदिग्ध दस्तावेज रखे होने की आशंका जताई गई है। इस सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली गाजीपुर ने तत्परता दिखाते हुए बैंक प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया और नियमानुसार आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत कर लॉकर को सील करने की प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल लॉकर की जांच जारी है और आफ्सा अंसारी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में यह एक अहम कदम है।