जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 जून की है। बताया गया है कि पढ़ाई को लेकर किशोरी की मां से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रात को खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चली गई, लेकिन अगली सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह कमरे में नहीं थी।
परिजन पहले खुद ही गांव, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंततः थक-हारकर परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक अरुण पाण्डेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की तलाश की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को किशोरी के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल कोतवाली को सूचित करें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी बिना कुछ बताए इस तरह अचानक घर छोड़कर चली जाएगी, इसकी उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।