जमानिया। थाना क्षेत्र के एक गांव से एक 12 वर्षीय बालक कल दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चे को बहला-फुसलाकर गायब करने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता बालक कक्षा 6 का छात्र है और मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर भी बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि बच्चा दोपहर करीब 2 बजे से घर से लापता है। रातभर संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों ने इस संबंध में संबंधित थाना में तहरीर देकर बच्चे की तत्काल तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। ग्रामीणों व परिजनों ने प्रशासन से बच्चे को सकुशल बरामद करने की अपील की है।