
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के जन्मदिन के अवसर पर गाजीपुर में एक अनोखा और सराहनीय सेवा आयोजन देखने को मिला। छावनी लाइन स्थित वृद्धाश्रम में छात्र नेता विवेकानंद पांडेय के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री का जन्मदिन बुजुर्गों की सेवा कर मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटने से हुई, जिसके बाद वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को लंच पैकेट और ताजे फल वितरित किए गए। इस मौके पर वृद्धजनों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे और माहौल में सेवा, स्नेह और सम्मान की भावना स्पष्ट झलकती रही। इस आयोजन में विनोद दूबे, उदय पांडेय, कुलदीप यादव, किशन गुप्ता, धनंजय कुमार दूबे और कन्हैया उपाध्याय समेत कई समाजसेवी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
वृद्धाश्रम की संचालिका ज्योत्सना सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन में विशेष योगदान दिया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान छात्र नेता विवेकानंद पांडेय ने कहा, “सेवा ही सच्चा सम्मान है। बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही जीवन में सच्ची ऊर्जा मिलती है।” इस अवसर पर जो संवेदनशीलता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया, उसकी सभी उपस्थितजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।