गाजीपुर। आगामी जगरनाथ यात्रा, मोहर्रम और श्रावण माह की कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में पुलिस लाइन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शांति और भाईचारे की अपील
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी त्योहारों को उत्साह, एकता और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि जगरनाथ यात्रा, मोहर्रम व कांवड़ यात्रा को पारंपरिक मार्गों से ही निकाला जाएगा, किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। साथ ही डीजे पर सिर्फ भक्ति गीत ही बजाए जाएंगे, और वह भी निर्धारित ध्वनि सीमा में।
साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था
DM ने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया कि सभी शिवालयों में साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर निश्चित स्थानों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए। साथ ही निजी अस्पतालों द्वारा चिकित्सा कैंप भी लगाए जाएंगे जहां दवा और रिफ्रेशमेंट की सुविधा होगी।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था
SP डॉ. ईरज राजा ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि कोई असुविधा न हो। संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
प्रशासनिक सख्ती और निर्देश
बैठक में अनुपस्थित पाए गए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता (विद्युत विभाग) जमानियां एवं जखनियां के खिलाफ वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा और त्योहारों के दौरान निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और लटके हुए बिजली के तारों की जांच कर तुरंत ठीक किया जाए। फायर सर्विस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतों के निस्तारण पर जोर
बैठक में प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया गया कि समय-समय पर मौके पर जाकर जांच करें। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी निजी संपत्ति पर बिना अनुमति के कोई कार्य न किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, सीओ, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, थानाध्यक्ष, धर्मगुरु व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।