गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर पुल के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार डॉक्टर और उनका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 8:15 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोंचकपुर निवासी डॉ. सुनील कुमार यादव (35) अपने चचेरे भाई अमित यादव (24) के साथ बाइक से नंदगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बरहपुर पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल (सदर हॉस्पिटल) भेजा, जहां दोनों का इलाज जारी है। घायल डॉ. सुनील कुमार यादव, निवासी बीकापुर थाना कोतवाली, और अमित यादव, निवासी बेलसड़ी थाना करंडा बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार स्कार्पियो चालक की तलाश में जुटी हुई है।