गाजीपुर। जनपद के सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरख गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 79 वर्षीय वृद्धा गुलैची देवी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया, जिसके चलते बहरियाबाद–शादियाबाद मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरख गांव निवासी एवं सेवानिवृत्त फौजी स्वर्गीय देवनाथ यादव की पत्नी गुलैची देवी सुबह दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान शादियाबाद की ओर से तेज गति में आ रही मुर्गा लदी पिकअप वाहन ने उन्हें कुचल दिया। वाहन वृद्धा को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया और अंत में सड़क के किनारे स्थित एक लकड़ी के टाल से टकराकर रुका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में लदे कई मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर सादात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने पिकअप चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पुत्र वीरेंद्र यादव की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विधिक कार्रवाई जारी है।