गाजीपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर आज रामलीला मैदान सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मा. राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने व्यापारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दानवीर भामाशाह देशभक्ति, त्याग एवं निष्ठा के प्रतीक थे। उन्होंने महाराणा प्रताप की आर्थिक सहायता कर भारतीय इतिहास में अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। डॉ. बलवंत ने कहा कि आज भी देश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनपद में स्थापित हो रहे उद्योग न केवल स्वयं को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि अन्य लघु व्यापारों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन तत्परता से करेगा। उन्होंने भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए व्यापार को बढ़ाने एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। भामाशाह के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पूरे धन का उपयोग राष्ट्र के हित में किया तथा महाराणा प्रताप के सैनिकों के वेतन की व्यवस्था वर्षों तक की।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने भी भामाशाह को एक त्यागी, दानवीर एवं प्रेरणास्रोत बताते हुए उपस्थित व्यापारियों से उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, उद्यमियों, व्यवसायियों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शनी व स्टाल लगाकर क्रय-विक्रय किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक GST देने वाले करदाताओं रवि इन्फ्राविल के प्रतिनिधि श्री नवीन राय एवं मेसर्स शिवा ऑटो सेल्स के स्वामी श्री विनोद कुमार सिंह को डॉ. संगीता बलवंत द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त सर्वेश कुमार सिंह, सहायक उपायुक्त राजेश ओझा, प्रभात कुमार सिंह, राहुल मिश्रा, प्रतिभा राय, किरण पुष्कर सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल की ओर से मोहम्मद असलम, गुड्डू केशरी, विजय शंकर वर्मा, अशोक अग्रहरी, अनूप वर्मा सर्राफ, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष धीरज कुमार श्रीवास्तव, आशीष बरनवाल आदि ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन गिरिजा शंकर कुशवाहा ने किया।