गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी ने आज जनपद दौरे के दूसरे दिन गाजीपुर जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बैरक का दौरा कर वहां निरुद्ध महिला बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनके खानपान, दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कुछ महिला बंदियों ने अपनी समस्याएं भी उपाध्यक्ष महोदया के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त, श्रीमती चौधरी ने महिला बंदियों के साथ आए बच्चों को टॉफी और बिस्किट वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने शौचालय और रसोईघर का भी निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रतिदिन स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।