गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के सैन्य विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. बद्रीनाथ सिंह ने अधिवर्षता पूर्ण कर कार्यमुक्ति पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य कक्ष में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. सिंह का महाविद्यालय के प्रति समर्पण, उनकी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियां हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने सैन्य विज्ञान को न केवल एक विषय, बल्कि चरित्र निर्माण और अनुशासन के प्रभावशाली माध्यम के रूप में स्थापित किया। उनकी विदाई महाविद्यालय के लिए एक अपूरणीय क्षति है, किंतु उनके मूल्य व शिक्षाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
डॉ. बद्रीनाथ सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री, महाविद्यालय शिक्षक संघ गाजीपुर और छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) जैसे दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय को “परिवार जैसा स्थान” बताते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. सिंह को स्मृति चिह्न और श्रीमद्भागवत गीता भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रो. जी. सिंह, अनिल कुमार पाण्डेय, संजय श्रीवास्तव, विवेक सिंह सम्मी, विजय सिंह, अरुण सिंह, अमितेश सिंह, प्रदीप सिंह, जैकी, घनश्याम, संजय, गुड्डू समेत कई शिक्षक, कर्मचारी व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल भावुक लेकिन प्रेरणादायी रहा। महाविद्यालय परिवार ने डॉ. सिंह के स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।