जमानियां (गाजीपुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर बड़ेसर मोड़ स्थित निरीक्षण भवन परिसर में पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सिंह ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने अखिलेश यादव के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। पूर्व मंत्री ने कहा कि पेड़-पौधों की कमी के कारण पर्यावरण का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। “जब तक धरती हरी-भरी नहीं होगी, जीवन सुरक्षित नहीं रह सकता,” उन्होंने कहा।

ओमप्रकाश सिंह ने समाजवादी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करें। उन्होंने कहा कि यही समाजवादी विचारधारा की सच्ची पहचान है और इसी सोच से समाज का विकास संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज विकास केवल कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि समाजवादी सरकार के समय में विकास धरातल पर स्पष्ट दिखाई देता था। इस अवसर पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य आकाश यादव, काशी यादव, प्रमोद यादव, सरोज यादव, राहुल राज सिंह सहित अनेक समाजवादी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।