जमानिया (गाजीपुर)। थाना जमानिया अंतर्गत बहादुरपुर गांव में एक महिला से लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता पूजा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह सुबह अपने बच्चे के लिए खाना बना रही थीं, तभी उनके पति चंदन कुमार, सास गीता देवी और ननद वंदना यादव ने अचानक लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। पूजा देवी के अनुसार, तीनों ने उन्हें बच्चों के साथ जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा। किसी तरह जान बचाकर वह सड़क की ओर भागीं, लेकिन आरोपितों ने वहां भी उन्हें नहीं बख्शा और पिटाई जारी रखी।
घटना की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे और महिला को बचाया। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। पूजा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें व उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है और पति कभी भी उनकी हत्या कर सकता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।