जमानियां। स्थानीय पुलिस को सोमवार को एक बड़ी सफलता मिली जब बरुईन गांव स्थित एक वाटिका लान के पास से एक युवक को 5 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह व कांस्टेबल अरविन्द पाल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद झोले में अवैध देशी शराब लेकर बरुईन मोड़ से एक वाटिका की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को मौके पर धर-दबोचा।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पठखौलिया, जमानियां स्टेशन निवासी छोटू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 25 पाउच ब्ल्यू लाइम मसालेदार देशी शराब (प्रत्येक 200 मिलीलीटर, कुल 5 लीटर) बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह इस शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहा था। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि छोटू के पास शराब रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।