गाजीपुर। जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए एक सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग के पात्र युवाओं के लिए निःशुल्क “ओ” लेवल एवं सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना चलाई जा रही है। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण कर लिया हो, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम हो तथा आयु 35 वर्ष से अधिक न हो। इसके अलावा अभ्यर्थी गाजीपुर जनपद का मूल निवासी होना चाहिए, बेरोजगार हो और किसी अन्य शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।
चयन की प्रक्रिया कक्षा 12वीं के प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। आवेदन हेतु अभ्यर्थी को आय और जाति प्रमाण पत्र (ऑनलाइन निर्गत), हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ विभागीय वेबसाइट
www.obccomputertraining.upsdc.gov.in
पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के पश्चात आवेदन पत्र व समस्त दस्तावेजों की दो स्वप्रमाणित प्रतियाँ कार्यालय — जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर में 14 जुलाई 2025 की शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होंगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।