गाजीपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 32 पेटी अवैध देशी शराब (ब्ल्यू लाईम ब्रांड) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब में कुल 1440 पाउच शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने देवढी पुलिया से आगे दाउदपुर तिराहा के पास एक बोलेरो (नंबर बीआर 24 एएम 0286) को रोका, जिसमें भारी मात्रा में अवैध देशी शराब लदी हुई थी। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विवेक कुमार पुत्र लल्लन राम, निवासी मौनिया बिगहा (डालमिया नगर), थाना डेहरी, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 32 पेटियों में कुल 1440 पाउच देशी शराब बरामद की गई। अभियुक्त के विरुद्ध थाना जमानियां पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया जा सके।