जमानिया। जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का रविवार को नगर पालिका परिषद सभागार में समापन हुआ। समापन समारोह जमानिया विधानसभा के पांचों मंडलों—जमानिया नगर, जमानिया दक्षिणी, जमानिया उत्तरी, भदौरा और दिलदारनगर—में संगोष्ठी व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सभी मंडलों में पौधरोपण भी किया गया।
नगर मंडल के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के बलिदान और राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को विस्तार से बताया। श्री अग्रवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान हर कार्यकर्ता को राष्ट्रवाद की प्रेरणा देता है और उनके विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। जमानिया उत्तरी मंडल के कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के सिद्धांतों को आत्मसात कर ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। दक्षिणी मंडल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है, जिससे हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलती है।
दिलदारनगर मंडल में भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वहीं भदौरा मंडल के कार्यक्रम में भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष समित तिवारी ने डॉ. मुखर्जी के विचारों की चर्चा की। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक अनिल गुप्ता, भाजपा नेता संजय जयसवाल, महामंत्री राजू पांडेय, राकेश प्रजापति, मीडिया प्रभारी संजीत यादव तथा महिला मोर्चा जिला महामंत्री माया सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।