गाजीपुर। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा जनपद गाजीपुर के करंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धामूपुर स्थित अमृत सरोवर पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल ने हरिशंकरी पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वर्तमान में प्रदेशभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न विभागों को पौधारोपण के लक्ष्य दिए गए हैं। इसी क्रम में जिला वन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला वन अधिकारी द्वारा एमएलसी विशाल सिंह चंचल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए की गई। इसके पश्चात अमृत सरोवर के परिसर में एमएलसी द्वारा हरिशंकरी पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से खंड विकास अधिकारी सीमा सिंह, डीएफओ गाजीपुर, जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) बृजेश कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्रीय वन अधिकारी (नंदगंज) अनिल कुमार सिंह, एपीओ करंडा, जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह व भोला बिंद, बरहपुर प्रधान प्रतिनिधि प्रतीक सिंह, प्रधान मुड़वल अजय मौर्य, प्रधान धामूपुर प्रतिनिधि बबलू, प्रधान सईचना शिवदयाल सिंह, तथा अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक – संतोष सिंह, रवि सिंह, अंकित सिंह आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाना है।