जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से 17 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया है। परिजनों के अनुसार, किशोरी एक जुलाई को बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई और तब से उसका कुछ पता नहीं चल सका है। परिजन लगातार आसपास के क्षेत्रों में तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का कहना है कि घरेलू कार्यों को लेकर पिता द्वारा डांटने से नाराज होकर किशोरी घर से चली गई। वह अपने साथ घर का मोबाइल फोन भी ले गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंचे और लड़की की सकुशल वापसी के लिए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और किशोरी की तलाश के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही किशोरी को खोज लिया जाएगा।इधर, परिजन भी लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं और उसकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।