जमानिया (गाज़ीपुर)। क्षेत्र के बड़ेसर गांव के पास गंगा तट पर मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेप बोल्डर बाइंडिंग कार्य में लगे एक डंपर के पलटने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि यह डंपर गंगा कटान रोकने के लिए बोल्डर गिराने के कार्य में लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर जब हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से पीछे की ओर बोल्डर गिरा रहा था, तभी अचानक उसके पिछले हिस्से का संतुलन बिगड़ गया। भारी वजन के चलते डंपर का पिछला हिस्सा मुख्य ढांचे से टूटकर अलग हो गया और डंपर पलट गया।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई व्यक्ति डंपर के एकदम पास नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर मौजूद पोकलेन मशीन की मदद से डंपर को सीधा किया गया। हादसे में ट्रक चालक को कोई चोट नहीं आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बोल्डर कार्य गंगा किनारे हो रहे कटान को रोकने के उद्देश्य से किया जा रहा था। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा मानकों का पालन करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।