जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में पारिवारिक रंजिश को लेकर एक किशोरी से मारपीट और उसकी मां को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की ओर से सोमवार को थाने में नामजद तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जीवपुर गांव निवासी इन्दा देवी की बेटी सिद्धी यादव 6 जुलाई की सुबह लगभग 8 बजे घर से बाहर कूड़ा फेंकने गई थी। तभी उसके ही परिवार के सदस्य राम भजन उर्फ रामअशीष ने पुरानी रंजिश को लेकर किशोरी के साथ मारपीट शुरू कर दी। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर मां इन्दा देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पीड़िता ने कोतवाली में दी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि इन्दा देवी की तहरीर के आधार पर रामअशीष निवासी जीवपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।