गाजीपुर। जिला विकास भवन सभागार में बुधवार को जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति/जिला मिशन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार वैश्य ने की।बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, डॉ. वी.के. सिंह (वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, पी.जी. कॉलेज), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता देवकली-1 एवं 2, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा भूमि संरक्षण विभाग द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रयासों से जनपद में मृदा कटाव में कमी आने के साथ-साथ जल संरक्षण में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने जानकारी दी कि खेत तालाब योजना के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में 50 लघु तालाब खुदवाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक केवल 20 तालाबों की ही बुकिंग हो सकी है। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसानों को एग्रीदर्शन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। तालाब का मानक आकार 22 x 20 x 03 मीटर होगा जिसकी कुल लागत ₹1,05,000 निर्धारित की गई है। इसमें ₹52,500 का अनुदान सरकार द्वारा दिया जाएगा। किसानों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। प्रशासन ने किसानों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है ताकि जल संरक्षण एवं सिंचाई क्षमता को बढ़ाया जा सके।