जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में सोमवार की रात मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:10 बजे बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बड़ों के बीच विवाद में बदल गई। घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक राज कुमार यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक ओर अजय यादव, विपिन यादव और सरोज देवी तथा दूसरी ओर संतोष बिंद, रानी, आरती और सुभाष राम आपस में भिड़े हुए थे। शुरुआत में दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के कई बार समझाने के बावजूद दोनों पक्ष नहीं माने और मारपीट करते रहे। घटना में अजय यादव, रानी और आरती घायल हुए, जिन्हें स्थानीय पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गाजीपुर भेजा गया।पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष के तीन से चार अज्ञात व्यक्ति भी मारपीट में शामिल थे। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर कुल सात नामजद और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।