जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित हो रहे निजी विद्यालयों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय से दो दर्जन से अधिक गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस जारी की गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया कि अवैध विद्यालयों की पहचान के लिए 12 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान कई ऐसे स्कूल सामने आए हैं, जो केवल कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता रखते हैं, लेकिन अवैध रूप से कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई भी करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नियमों का खुला उल्लंघन है और ऐसे सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक उत्तर न देने की स्थिति में संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना मान्यता के किसी भी स्कूल को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस अभियान से अवैध स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है। वहीं, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि बच्चों की शिक्षा और भविष्य दोनों सुरक्षित रह सकें।