जमानिया। भुवालचक निवासी संजीव कुमार तिवारी इंस्टाग्राम कॉल और मोबाइल नंबरों के जरिए मिल रही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों से बेहद डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को शिकायती पत्र देकर अपनी और अपने पुत्र की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव तिवारी ने अपनी तहरीर में बताया कि 26 जून की रात करीब 10:35 बजे उनके मोबाइल पर एक इंस्टाग्राम कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को “रितेश” बताया और अपशब्द कहने के साथ उनके बेटे कृष्णकांत तिवारी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी 7 जून सहित कई अन्य तिथियों पर इसी तरह की धमकियां और अपमानजनक भाषा का प्रयोग उनके साथ किया गया है। संजीव तिवारी ने आशंका जताई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति किसी बड़ी साजिश के तहत उनकी पत्नी और बच्चों को फंसा चुका है और अब उनकी हत्या की साजिश रच रहा है। उन्होंने अपनी शिकायत में ऐसे कई मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया है, जिनसे उन्हें कॉल और धमकियां मिल रही हैं।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि संजीव तिवारी की तहरीर के आधार पर एक युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।