गाजीपुर। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने किसानों और लाभार्थियों को सावधान करते हुए बताया है कि जनपद में मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत उथले और मध्यम गहरे नलकूपों की स्थापना हेतु विभाग को लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना के तहत विभागीय पंजीकरण के आधार पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। हालांकि, सहायक अभियंता के संज्ञान में आया है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लाभार्थियों के मोबाइल नंबरों पर फोन कर शीघ्र बोरिंग कराने के नाम पर अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है, जो पूरी तरह से गलत और गैरकानूनी है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी मोबाइल नंबर से बोरिंग या योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की अनैतिक मांग की जाती है, तो लाभार्थी उस पर ध्यान न दें। किसी भी असमंजस की स्थिति में लाभार्थी अपने विकास खंड में पदस्थ सहायक बोरिंग टेक्नीशियन, बोरिंग टेक्नीशियन या अवर अभियंता से संपर्क करें। साथ ही, विस्तृत जानकारी और आवश्यक समन्वय हेतु कार्यालय सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग से सीधे संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी या अनियमितता से बचा जा सके।