गाजीपुर। जिलाधिकारी गाजीपुर श्री अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के यूडीआईडी (UDID) एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। यह प्रमाण पत्र जनपद के समस्त ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर बनाए जाएंगे।नबैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यbचिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि प्रमाण पत्र जारी करने के लिए डॉक्टरों के एक बोर्ड का गठन शीघ्र किया जाए। इस बोर्ड में ऑर्थोपेडिक सर्जन, ईएनटी सर्जन, नेत्र सर्जन, और साइकोलॉजिस्ट/साइकोट्रिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य होगी। बोर्ड के कार्यों के लिए प्रस्तावित तिथियां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेशित किया कि ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर आयोजित होने वाले मेडिकल कैम्प की संपूर्ण तैयारियां इसी सप्ताह पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रधानाध्यापकों एवं विशेष शिक्षकों की बैठक कराएं और दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन कराते हुए उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शीघ्र करवाएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मेडिकल कैम्प से संबंधित समस्त तैयारियां आगामी तीन दिवसों में पूर्ण कर ली जाएं।बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, उप प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस कदम का उद्देश्य जनपद के दिव्यांग बच्चों को आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना है।