जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ग्रीष्मावकाश के उपरांत सोमवार से कक्षाओं का संचालन पुनः शुरू हो गया। बी.ए., बी.एस-सी. और एम.ए. के विषम सेमेस्टर की कक्षाएं निर्धारित समय सारिणी के अनुसार संचालित की जाएंगी। इस संदर्भ में प्राचार्य प्रो. श्री निवास सिंह की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवेश प्रभारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए तुरंत कक्षाएं संचालित कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से समय से कक्षा में उपस्थित रहने और मनोयोगपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है। उन्होंने शिक्षकों से भी नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने का आग्रह किया। बैठक में प्रवेश समिति के सदस्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री (हिंदी विभागाध्यक्ष), प्रो. अरुण कुमार (रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं आईक्यूएसी प्रभारी), सौरभ कुमार सिंह (सहायक आचार्य, भूगोल विभाग), प्रदीप कुमार सिंह और इंद्रभान सिंह उपस्थित रहे। इस आशय की जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं सहायक आचार्य (हिंदी) डॉ. अभिषेक तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।