जमानिया। न्याय पंचायत देवरिया अंतर्गत देवरिया संकुल में सोमवार को “स्कूल चलो अभियान” रैली एवं प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। इस रैली को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार राय, ग्राम प्रधान बीगन सिंह (पाह सैयदराजा) तथा एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रैली देवरिया, पांच सैयदराजा और चकमेदनी गांवों से होते हुए पुनः देवरिया संकुल पर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को अपने बच्चों को पास के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, संकुल नोडल प्रेम यादव, पुष्पलता राय, गौतम यादव, अरुण कुमार शर्मा, प्रेमलता राय सहित कई शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी शिक्षक अपने विद्यालयों को “निपुण विद्यालय” बनाने की दिशा में पूरी तत्परता और समर्पण से कार्य करें। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक ईमानदारी से प्रयास करें तो “निपुण ब्लॉक”, “निपुण जिला”, “निपुण प्रदेश” और अंततः “निपुण भारत” का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उत्साह और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।