गाजीपुर। श्रावण मास के प्रारंभ होते ही जिले में धार्मिक उल्लास चरम पर है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री जलाभिषेक हेतु महाहर धाम सहित अन्य प्रमुख मंदिरों की ओर रुख कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने सोमवार को जनपद के विभिन्न घाटों और महाहर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर पालिका द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महाहर धाम मंदिर परिसर में की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कांवड़ यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित समय सीमा में प्रयोग तथा शहर में भारी वाहनों के रूट डायवर्जन के संबंध में मातहत अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रताप, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहा।प्रशासन का यह प्रयास है कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव बने।