जमानिया। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही तेज़ वृद्धि के कारण बाढ़ की आशंका गहराती जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सोमवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और तहसीलदार रामनारायण वर्मा की अध्यक्षता में तहसील सभागार में नाविकों और गोताखोरों के साथ आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में नाविकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे तय नियमों के तहत ही नाव संचालन करें, अधिक सवारी न बैठाएं और रात के समय नाव संचालन से परहेज करें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना प्रशासन को देने को कहा गया।
गोताखोरों को किसी भी आकस्मिक हालात से निपटने के लिए पूरी तत्परता और जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी चौरसिया ने दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा, “जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।” उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ संभावित गांवों की सतत निगरानी की जा रही है और चिन्हित स्थलों पर आवश्यक संसाधन पहुंचाए जा चुके हैं। तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। बैठक में राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बाढ़ से जुड़ी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारियों का दावा किया है।