जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर कला गांव में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पूर्व फौजी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार की रात इस घटना को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्व फौजी मंजू सिंह यादव अपने तीन साथियों — सरोज कुशवाहा, सुदामा प्रजापति और महेंद्र यादव — के साथ गांव के उत्तर पट्टी स्थित सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे बेंच पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेटावर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने अनियंत्रित होकर चारों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मंजू सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पुत्री श्वेता सिंह यादव ने कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पुत्री की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने वाहन व चालक की तलाश तेज कर दी है। गांव में इस दुर्घटना के बाद मातम पसरा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवज़े की मांग की है।