जमानिया। नगर स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय से सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन जमानिया, दिलदारनगर एवं रेवतीपुर सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गांवों में भ्रमण कर 17 से 19 जुलाई तक चलने वाले बिल सुधार महाभियान की जानकारी देंगे। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता गोपी चंद ने बताया कि तीन दिवसीय इस मेगा शिविर में उपभोक्ताओं की विद्युत बिल संबंधी तमाम समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शिविर के दौरान गलत बिल संशोधन, नया कनेक्शन, भार वृद्धि, खराब मीटर बदलवाना, विधा परिवर्तन, बिल भुगतान और अन्य तकनीकी व उपभोक्ता शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों को विशेष राहत देते हुए ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों को दर्ज करने के लिए शिविर में 1912 हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था रहेगी। सभी बिल संशोधन कार्यवाहियों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर दिया जाएगा। प्रचार वाहन गांव-गांव जाकर शिविर की तारीख, स्थान और लाभ के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी देंगे। अधिशासी अभियंता ने आमजन से अपील की है कि वे इस शिविर का भरपूर लाभ उठाएं और अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं।