जमानिया। विकास खंड क्षेत्र के देवढ़ी गांव स्थित प्राचीन स्वयंभू महादेवा मंदिर परिसर में सावन मास के प्रथम सोमवार को धार्मिक उल्लास के बीच रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने भाग लिया और विधिवत रुद्राभिषेक कर विश्व शांति, जनकल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सावन भगवान शिव का अत्यंत प्रिय मास है और इस पावन अवसर पर किया गया रुद्राभिषेक अत्यंत शक्तिशाली वैदिक अनुष्ठान होता है, जो नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त कर मानसिक शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक आस्था को बल प्रदान करते हैं। रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।इस धार्मिक कार्यक्रम में सपा विधानसभा तहसील अध्यक्ष अनिल यादव, सुशील सिंह, पंकज सिंह, मनोज सिंह, उमेश यादव, अशोक सिंह, काशी यादव, संजय सिंह, बबलू सिंह समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और श्रद्धा से भरे माहौल ने मंदिर परिसर को अद्भुत आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।