जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के अभईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत देवढ़ी पुलिया के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 14 वर्षीय लक्ष्मण गुप्ता के रूप में हुई है, जो कक्षा दस का छात्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लक्ष्मण गुप्ता मूल रूप से सुहवल थाना क्षेत्र के पटखौलियां गांव का निवासी था। पिछले लगभग दस वर्षों से वह अपनी मां रंजू देवी के साथ जमानियां कोतवाली क्षेत्र के राम नारायण पुर स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक के पिता अनिल कुमार गुप्ता बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
परिजनों के अनुसार, रविवार को लक्ष्मण अपने एक मित्र के साथ बाइक से स्कूल गया था। लौटते समय देवढ़ी पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल गाजीपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं मृतक की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लक्ष्मण की पढ़ाई में होनहार छवि और विनम्र स्वभाव को लेकर गांववालों में गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है।