जमानियां (गाजीपुर)। यदुपति नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जमानियां के जीएनएम कोर्स सत्र 2024-27 की प्रथम वर्ष की छात्राओं की क्लीनिकल ड्यूटी सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। यह ड्यूटी 1 जुलाई से 15 जुलाई तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जमानियां पर संचालित की गई थी।
क्लीनिकल ड्यूटी के समापन अवसर पर सीएचसी जमानियां के अधीक्षक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने नर्सिंग को सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी से जुड़ा एक पवित्र पेशा बताते हुए छात्राओं को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित और निष्ठावान रहने की प्रेरणा दी। डॉ. सिंह ने कहा कि नर्सिंग ऐसा क्षेत्र है जहां सेवा भावना सर्वोपरि होती है, और इस पेशे से जुड़े लोगों के कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज के समन्वयक, प्रशिक्षण प्रभारी सहित सीएचसी के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और स्वास्थ्य केंद्र की टीम को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।