जमानिया। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मंगलवार को तहसील सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने की। उन्होंने बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में हर हाल में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत शिविरों की स्थापना, चिकित्सा सहायता, नावों की उपलब्धता तथा खाद्यान्न आपूर्ति के लिए सभी विभागों को सतर्क और तैयार रहने को कहा। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने जानकारी दी कि राजस्व विभाग के सभी कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में नियमित निरीक्षण व निगरानी का कार्य जारी है। इसके अलावा नाविकों, गोताखोरों और आपदा राहत टीमों को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक के अंत में उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य को सुनिश्चित किया जाए, ताकि जन-धन की क्षति को रोका जा सके। इस बैठक में ग्राम विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।