गाजीपुर। जिले के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत इच्छुक लाभार्थियों को 02 स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने पर अधिकतम ₹80,000 तक का अनुदान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह योजना उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू है। योजना के अंतर्गत गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा प्रजाति की बाह्य प्रदेश की उन्नत नस्ल की गायों की खरीद पर अनुदान प्रदान किया जाएगा।
मुख्य बिंदु:
प्रत्येक इकाई में 02 गायें होंगी जो प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए।
कुल लागत का 40% अथवा अधिकतम ₹80,000 तक का अनुदान अनुमन्य होगा।
महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों को निर्धारित लक्ष्य का 50% आरक्षण दिया गया है।
पूर्व में कामधेनु मिनी/माइक्रो योजना का लाभ ले चुके लाभार्थी इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
गाजीपुर जिले के लिए कुल 28 इकाईयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इच्छुक आवेदक नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल https://nandbabadugdhmission.up.in पर 14 जुलाई से 13 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का विस्तृत विवरण पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी या मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। गोपालन से आपकी आय बढ़ेगी, आपका एवं आपके परिवार का भविष्य सुनहरा होगा।