गाजीपुर। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी है कि नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत गाजीपुर जनपद में स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की 25-गायों की दो इकाइयों की स्थापना हेतु किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के तहत लाभार्थियों को अधिकतम ₹31.25 लाख अथवा ₹30.50 लाख तक की अनुदान राशि तीन चरणों में प्रदान की जाएगी। योजना में साहिवाल, गिर, थारपारकर एवं गंगातीरी (गंगातीरी अधिकतम 5) नस्लों की गायें शामिल की जाएंगी। लाभार्थी को कुल लागत का 15% अंश देना होगा, जबकि 35% बैंक ऋण के माध्यम से और शेष 50% राशि अनुदान स्वरूप उपलब्ध कराई जाएगी। क्रय की जाने वाली गायें प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए तथा डेढ़ माह से पूर्व व्यायी नहीं होनी चाहिए। गायों की खरीद प्रदेश के बाहर स्थित ब्रिडिंग ट्रैक्ट से की जाएगी।
इकाई स्थापना के लिए लाभार्थी के पास लगभग 0.5 एकड़ भूमि (गाय पालन हेतु) और 1.5 एकड़ भूमि (चारा उत्पादन हेतु) होना अनिवार्य है। यह भूमि स्वयं की, पैतृक, साझेदारी की या फिर 7 वर्षों के पंजीकृत अनुबंध पर ली गई हो सकती है, बशर्ते वह जलभराव से मुक्त हो। महत्वपूर्ण बात यह है कि पूर्व में कामधेनु, मिनी/माइक्रो कामधेनु योजना से लाभ प्राप्त कर चुके किसान इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल https://nandbabadugdhmission.up.in पर 14 जुलाई 2025 से 13 अगस्त 2025 तक किए जा सकते हैं। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए किसान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी, या मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। गोपालन से आपकी आय बढ़ेगी, आपका एवं आपके परिवार का भविष्य सुनहरा होगा।