गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर (यूजीसी द्वारा बी श्रेणी मान्यता प्राप्त) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। बी.कॉम (प्रथम सेमेस्टर) एवं एम.ए. (गृहविज्ञान) प्रथम सेमेस्टर में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया 8 जुलाई 2025 से प्रारंभ हो चुकी है।
इसी क्रम में प्रवेश परीक्षा (PAT-2025) का आयोजन शुक्रवार, 11 जुलाई से शुरू हो गया है। पहले दिन बी.एससी. (कृषि) की परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा बी.एससी. (गणित) की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न हुई। बी.एससी. (गणित) में कुल 518 छात्र, जबकि एम.ए. (समाजशास्त्र) में 147 छात्रों ने पंजीकरण कराया। प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बी.कॉम में “पहले आओ, पहले पाओ” की नीति के तहत काउंसलिंग 8 जुलाई से जारी है। ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने अब तक प्रवेश नहीं लिया है, वे जल्द से जल्द कॉमर्स विभाग से संपर्क कर सीधे दाखिला ले सकते हैं।