गाजीपुर। जनपद में बुधवार को भूजल सप्ताह का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विकास भवन प्रांगण से भूजल संरक्षण हेतु बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। रैली में भाग ले रहे कर्मचारियों को भूजल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। तत्पश्चात अधोहस्ताक्षरी के नेतृत्व में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया।
इस कड़ी में कम्पोजिट विद्यालय बबेडी में एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित शिक्षकों व विद्यार्थियों को जल की महत्ता समझाई गई। बच्चों को भूगर्भ जल संचयन के उपायों की जानकारी दी गई और उन्हें भी भूजल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई, 2025 तक भूजल सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जन-जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी श्री वैश्य ने जनपद के समस्त विभागों को निर्देशित किया है कि वे तहसील एवं विकास खण्ड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि भूजल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।