गाजीपुर। प्रदेश नागरिक निगरानी समिति, वाराणसी मण्डल के सदस्य श्री शैलेष कुमार राम द्वारा आज राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, छावनी लाइन, गाजीपुर का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर डॉ. मंजू श्रीवास्तव, उप निदेशक, समाज कल्याण विभाग वाराणसी मण्डल, राम नगीना यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी गाजीपुर एवं त्रिभुवन, छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय यू.पी. सिडको द्वारा छात्रावास परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य कराया जा रहा था। हालांकि, यू.पी. सिडको के अधिशासी अभियंता मौके पर अनुपस्थित थे, जिस पर निगरानी समिति द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया और निर्देश दिया गया कि वे अनिवार्य रूप से मौके पर उपस्थित रहें। श्री शैलेष कुमार राम ने निर्देशित किया कि स्वीकृत टेंडर के अनुसार समस्त कार्य — रंगाई-पुताई, निर्माण कार्य एवं विद्युत कार्य — गुणवत्तापूर्वक और शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण कराए जाएं। साथ ही, कार्यों की लागत एवं विवरण से संबंधित एक सूचनात्मक बोर्ड छात्रावास परिसर में प्रदर्शित किए जाने के भी निर्देश दिए गए। छात्रों की सुविधा हेतु छात्रावास में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के अंतर्गत आर.ओ. एवं वाटर कूलर लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत छात्रावास कैंपस एवं मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए गए हैं। निरीक्षण के अंत में मा. सदस्य श्री शैलेष कुमार राम द्वारा छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।