जमानिया, गाजीपुर। गंगा नदी के रौद्र रूप और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जमानिया तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ से पहले किसी भी प्रकार की जन-धन हानि को रोकने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया तथा तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने राजस्व टीम के साथ मिलकर संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा तटवर्ती इलाकों जैसे सबबलपुर बाड़, मलसा, जीवपुर तथा कर्मनाशा नदी के तटीय गांव करमहरी, देवढ़ी और गायघाट आदि का दौरा कर बाढ़ संभावित स्थलों की स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर प्रस्थान करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने जानकारी दी कि गंगा का जलस्तर वर्तमान में 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण गंगा की लहरों में उफान और तटीय कटान की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि गंगा में बाढ़ आती है तो इसका असर कर्मनाशा नदी के जलस्तर पर भी पड़ेगा, जिससे खतरा और अधिक बढ़ सकता है। इस संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें। इस मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।