गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक, लखनऊ द्वारा संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के अंतर्गत गाजीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन विभाग की सतत और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप एक गंभीर मामले में न्यायालय ने दोषी को कठोर सजा सुनाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर पर मु.अ.सं. 385/2017, धारा 354बी भारतीय दंड संहिता एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट में दर्ज प्रकरण में आरोपी नसीम पुत्र अबरार, निवासी शाहनिन्दा, पीर बाबा का सेवक, थाना मुहम्मदाबाद को मा. न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध पाया गया।मा. न्यायालय ने आरोपी नसीम को भारतीय दंड संहिता की धारा 354बी में 5 वर्ष के साधारण कारावास और ₹10,000 के अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह फैसला अभियोजन द्वारा की गई प्रभावशाली दलीलों और पुलिस की सुदृढ़ विवेचना का परिणाम है।जनपद गाजीपुर पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत अपराधियों को सजा दिलवाना उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।